9 दिन के बाद अच्छी खबर, हरियाणा में कोई नया मरीज नहीं आया, अभी 19 संक्रमित, फतेहाबाद में एक खिलाड़ी को किया गया भर्ती

हरियाणा में 9 दिन के बाद शुक्रवार को कोई नया मरीज सामने नहीं आया। यहां अभी मरीजों का आकंड़ा 19 है। इससे पहले बीती 18 मार्च से 26 मार्च तक हर दिन कोई न कोई मरीज सामने आया था।हालांकि फतेहाबाद के हसंगा गांव में एक खिलाड़ी की तबीयत बिगड़ गई। उसे बुखार, खांसी और सांस लेने में दिक्कत हो रही थी। इसके चलते गांव में हड़कंप मच गया। उसे संदिग्ध करोना मानकर अस्पताल के आइसोलेशन वार्ड में भर्ती करवाया गया है। बताया जा रहा है कि वह दिल्ली से दो दिन पहले लौटा था। 



करनाल सब्जी मंडी में इस तरह लोगों ने खरीदी सब्जी। 


अभी तक 430 के सैंपल आए नेगेटिव
हरियाणा सरकार ने 573 लोगों के सैंपल जांच के लिए भेजे थे। जिनमें से 19 पॉजिटिव मिले हैं, जबकि 430 सैंपल नेगेटिव आए हैं। 126 की रिपोर्ट का अभी इंतजार है। 184 लोगों को अस्पतालों के आइसोलेशन वार्ड में रखा गया है। वहीं पॉजिटिव मिले 19 कोरोना संक्रमित में सबसे ज्यादा संख्या गुरुग्राम की है। यहां 10 मरीज संक्रमित मिले हैं, इसके बाद चार पानीपत में, दो फरीदाबाद में, एक पलवल में, एक पंचकूला में, एक सोनीपत में मिला था। 


प्रदेश में सख्ताई से लागू है लॉकडाउन, मदद के लिए आगे आए लोग
हरियाणा के सभी जिलों में लॉक डाउन सख्ताई से लागू है। शुक्रवार को हालांकि बूंदाबांदी की वजह से पुलिसकर्मियों को परेशानी का सामना करना पड़ा। फरीदाबाद में मुनाफाखोरी कर रहे सब्जी वालों को पुलिसकर्मियों ने उठक-बैठक करवाई। इसी तरह रोहतक, करनाल में भी पुलिस ने बेवजह घूम रहे लोगों को सबक सिखाया। हिसार, पानीपत, फरीदाबाद, कैथल, करनाल, फतेहाबाद में रेडक्रॉस, पुलिस, प्रशासन, स्थानीय लोग व सामाजिक संस्थाएं आगे आई। उन्होंने झुग्गियों, मजदूरों, ईंट भट्ठों पर काम करने वाले मजदूरों को राशन व खाना बांटा। करनाल में सामाजिक संस्थाओं ने शहर की सभी झुग्गियों को बांट लिया और 21 दिन तक राशन का जिम्मा उठाया। 



करनाल में एक ईंट भट्ठे पर मजदूरों को रोटी खिलाते हुए पुलिसकर्मी। 


शहरों में व्यवस्था बनी मोबाइल से राशन, सब्जी व अन्य जरुरी सामान डिलीवरी की व्यवस्था शुरू
प्रदेशभर में जिला प्रशासन द्वारा राशन, ग्रोसरी, दूध व सब्जी वालों को पास वितरीत किए गए। इसके साथ-साथ इनकी लिस्ट बनाकर मोबाइल नंबर सहित लोगों तक पहुंचाई गई है। लोग इन्हें फोन करके भी राशन, सब्जी व दूध मंगा सकते हैं। सब्जी मंडी, दूध वाले का समय निर्धारित किया गया। 



तेजस्वी यादव ने डिप्टी सीएम दुष्यंत चौटाला का किया धन्यवाद। 


डिप्टी सीएम ने पहुंचाई मदद
लॉकडाउन के दौरान हरियाणा में फंसे लोगों की मदद के लिए डिप्टी सीएम दुष्यंत चौटाला आगे आए। शुक्रवार को बिहार में विपक्ष के नेता तेजस्वी यादव ने ट्वीट कर डिप्टी सीएम दुष्यंत चौटाला को बताया कि बिहार के 20-25 मजदूर खाने के अभाव में फरीदाबाद जिले के गांव पल्ला में फंसे हुए है। उन्होंने यह जानकारी देते हुए तुरंत सहायता प्रदान करने का आग्रह किया। जिस पर उप-मुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला ने जिला प्रशासन से बात करके उन्हें तुरंत मदद मुहैया करवाई और इसकी जानकारी ट्वीटर पर साझा की।



पूर्व सीएम महबूबा मुफ्ती द्वारा डिप्टी सीएम दुष्यंत चौटाला का किया धन्यवाद। 


हिसार में फंसे कश्मीरी छात्रों की जानकारी जम्मू कश्मीर की पूर्व मुख्यमंत्री महबूबा मुफ्ती ने ट्वीट कर दी। डिप्टी सीएम दुष्यंत चौटाला ने जिला प्रशासन से बात कर उनको तुरंत मदद पहुंचाई। वहीं तुरंत मदद के लिए पूर्व सीएम महबूबा मुफ्ती व तेजस्वी यादव ने दुष्यंत चौटाला का आभार जताया है।