लॉकडाउन के तीसरे दिन आज हरियाणा में पुलिस सख्ती करती दिखी। जगह-जगह लोगों से बाहर नहीं निकलने की अपील की जा रही थी। उधर, हिसार, पानीपत, सिरसा और कुरुक्षेत्र में लोग गरीबों और जरूरतमंदों की मदद करते दिखे। समाजसेवी संस्थाएं, रेडक्रॉस, आम लोग और जिला प्रशासन ने गरीबों को खाना बांटा। सिख समुदायों ने लंगर के जरिए भूखों को खाना खिलाया। दूसरे राज्यों की तरह हरियाणा से भी बिहार और उत्तर प्रदेश के मजदूरों का अपने गृह नगर जाने का सिलसिला देखा गया।
गुड़गांव, फरीदाबाद और पलवल में लगी प्रवासियों की कतारें
फरीदाबाद, गुड़गांव और पलवल जिले में यूं तो पुलिस तैनात है, लेकिन दिल्ली और हरियाणा के दूसरे इलाकों से प्रवासी मजदूर अपने घर पैदल ही लौटते देखे गए। पुलिस ने बताया कि यह सिलसिला गुरुवार से शुरू हो गया था। ये मजदूर मथुरा, ग्वालियर, आगरा के रास्ते अपने घर जाने के लिए पैदल निकले हैं। हालांकि, पलवल और फरीदाबाद प्रशासन उन्हें रुकने की अपील कर रहा है, लेकिन इन्होंने इसे नजरअंदाज कर दिया।
हिसार में मदद के लिए आगे आए लोग
हिसार में गरीब और दिहाड़ी मजदूरों की मदद के लिए लोग आगे आए हैं। यहां सिख समुदाय के लोगों ने खाना बनाकर बांटा। इसके अलावा संस्थाओं ने एक सप्ताह का राशन दिया। हिसार के सनातन धर्म मंदिर में राशन पैक किया गया और उसका वितरण किया गया। इसी तरह रेडक्रास की टीम ने रेलवे स्टेशन और बस स्टैंड के आसपास बेघरों को भोजन खिलाया। यहां पुलिस तैनात है। बेवजह घूमने वालों पर सख्ती बरती जा रही है।
रेवाड़ी में पुलिस की सख्ती, करियाना और सब्जी वालों के नंबर जारी
रेवाड़ी में पुलिस की सख्ती जारी है। शहर भर में मेडिकल और अन्य जरुरी चीजों की दुकानों के बाहर सर्कल बनाए गए हैं। उन्हीं में खड़ा करके सामान दिया जा रहा है। शहरभर में राशन और सब्जी वालों के नंबर जारी कर दिए गए हैं। उनके पास बना दिए गए हैं, जो सामान देने गांवों, कॉलोनियों में जा रहे हैं।
फतेहाबाद में विधायक दुड़ाराम ने बांटा खाना
फतेहाबाद में पुलिस चप्पे-चप्पे पर तैनात है। शहर में सुबह से हल्की बूंदाबांदी हो रही है। गरीबों और जरुरतमंदों को खाना व सामान देने के लिए संस्थाएं आगे आई हैं। इसके साथ-साथ फतेहाबाद के विधायक दुड़ाराम ने भी गरीबों को भोजन बांटा।
पानीपत में प्रवासियों की मदद के लिए आगे आए लोग
पानीपत में प्रवासियों की मदद के लिए लोग आगे आए हैं। यहां कई संस्थाओं ने राशन का सामन और खाने तैयार करवाकर लोगों तक पहुंचाए। इसके साथ-साथ सप्लाई चेन जरुर प्रभावित हुई है। जरुरी चीजों की किल्लत है। कुछ जगह सब्जियों में मुनाफाखोरी की जा रही है।
सिरसा में डेरे ने हर मदद का भरोसा दिया
- सिरसा में शांतिपूर्ण तरीके से लॉक डाउन जारी है। डेरा सच्चा सौदा ने जिला प्रशासन को मदद के लिए पत्र लिखा है। जिसमें कहा गया है कि डेरे की शाखाएं हर जिले में हैं, ऐसे में यदि जिला प्रशासन को उनकी मदद चाहिए तो वे देने को तैयार हैं। यहां जेल प्रशासन ने 16 कैदियों को भी पैरोल दी है।
- कुरुक्षेत्र में लॉकडाउन जारी है। यहां जिला प्रशासन ने सभी बाबाओं को धर्मशालाओं में पहुंचाया।